Padma Awards 2026| नई दिल्ली
Padma Awards 2026 : गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर घोषित किए जाने वाले पद्म पुरस्कार-2026 के लिए नामांकन/सिफारिश की प्रक्रिया 15 मार्च 2025 से प्रारंभ हो गई है। नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2025 निर्धारित की गई है।
पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री जैसे पद्म पुरस्कार भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं। इनकी स्थापना वर्ष 1954 में हुई थी और ये हर वर्ष गणतंत्र दिवस पर घोषित किए जाते हैं।
इन पुरस्कारों का उद्देश्य ऐसे व्यक्तियों को सम्मानित करना है, जिन्होंने कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान एवं अभियांत्रिकी, सार्वजनिक कार्य, सिविल सेवा, व्यापार और उद्योग आदि क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान दिया हो।
सरकार की ओर से इन पुरस्कारों को “जनता के पद्म” (People’s Padma) के रूप में परिवर्तित करने का प्रयास किया जा रहा है। सभी नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे योग्य व्यक्तियों के नामांकन या आत्म-नामांकन करें, विशेषकर महिलाओं, अनुसूचित जाति/जनजाति, दिव्यांगजनों और समाज सेवा में लगे असाधारण व्यक्तियों को पहचानने का प्रयास करें।
Padma Awards 2026 के लिए नामांकन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल (https://awards.gov.in) के माध्यम से ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे।
नामांकन में संबंधित व्यक्ति की 800 शब्दों की विवरणात्मक प्रशस्ति (citation) अवश्य शामिल होनी चाहिए, जिसमें उसकी विशिष्ट और असाधारण सेवाओं/उपलब्धियों का स्पष्ट उल्लेख हो।
इन पुरस्कारों से संबंधित सभी नियम, प्रारूप और जानकारी गृह मंत्रालय की वेबसाइट (https://mha.gov.in) और पद्म पुरस्कार पोर्टल (https://padmaawards.gov.in) पर उपलब्ध हैं।
यह भी पढ़ें :- Self-reliant india: डीआरडीओ और एम्स बीबीनगर ने स्वदेशी उन्नत कार्बन फाइबर फुट प्रोस्थेसिस लॉन्च किया